Preloader

देश की रक्षा करते हुए एक और सपूत ने अपनी जान कुर्बान कर दी। नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत इस्माइलपुर पश्चिमी भिट्ठा के पछियाड़ी टोला निवासी शहीद संतोष यादव सोमवार की देर रात जम्मू-कश्मीर के नौशेरा सेक्टर में आतंकियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए। इस वीरगति की खबर जब मंगलवार को गांव पहुंची तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। हर आंख नम थी, लेकिन सीना गर्व से चौड़ा भी — क्योंकि संतोष यादव ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

गांव में पसरा मातम, लेकिन गर्व भी

शहीद संतोष यादव की शहादत से जहां उनके परिवार पर दुःख का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र में उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लग गया। गांव में वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग ‘संतोष यादव अमर रहें’, ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, संतोष तेरा नाम रहेगा’ जैसे नारों से आसमान गुंजा रहे थे।

सांसद पप्पू यादव पहुंचे शहीद के घर, दी एक लाख की सहायता

पूर्णिया सांसद और जन अधिकार पार्टी के प्रमुख पप्पू यादव मंगलवार को शहीद संतोष यादव के परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने शहीद की पत्नी को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की और कहा कि वह शहीद के बच्चों की पढ़ाई और जीवनयापन की पूरी जिम्मेदारी उठाएंगे।बेटी को दारोगा बनाने का वादा पप्पू यादव ने खास तौर पर शहीद की बड़ी बेटी को दारोगा (पुलिस उप निरीक्षक) बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि संतोष यादव की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी और उनका परिवार किसी भी स्थिति में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

सरकार पर साधा निशाना

अपने संबोधन में पप्पू यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि जब तक सरकार शहीद के परिवार को चार करोड़ रुपये की मुआवजा राशि, पत्नी को सरकारी नौकरी, और सभी बच्चों को रोजगार की गारंटी नहीं देती, वे शांत नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा,”देश के जवान रोज शहीद हो रहे हैं और सरकारें सिर्फ शोक व्यक्त करने और बयानबाज़ी करने तक सीमित रह गई हैं। अब समय आ गया है कि शहीदों के परिवार को हक और सम्मान मिले।”

गांववासियों का सैलाब,

जनसमर्थन उमड़ा पप्पू यादव के गांव आगमन पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उनके साथ सुरक्षाकर्मियों को भीड़ नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन पूरे गांव ने एक सुर में कहा,“संतोष यादव अमर रहें! जब तक सूरज चांद रहेगा, संतोष तेरा नाम रहे।

भागलपुर से डब्लू की रिपोर्ट

Spread the love

By