Preloader

समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खोकसाहा चौक से मंगलवार को एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने वहां मौजूद हर व्यक्ति को हैरानी में डाल दिया। एक महिला, दो पुरुष और उनके आधार कार्ड ने ऐसा नज़ारा पेश किया, जो किसी फ़िल्मी कहानी से कम नहीं था।मंगलवार की दोपहर, एक महिला टोटो पर सवार होकर एक युवक के साथ नैहर जा रही थी। जैसे ही वह खोकसाहा चौक पहुंची, एक युवक ने टोटो को रुकवा लिया और महिला को अपनी पत्नी बताने लगा।

इसके बाद वहां जमकर हंगामा शुरू हो गया और भीड़ जुटने लगी।इस युवक ने खुद को कुशेश्वरस्थान निवासी अर्जुन मल्लिक बताया। उसने दावा किया कि उक्त महिला, जिसका नाम ललिता देवी है, उसकी पत्नी है। इतना ही नहीं, उसने आधार कार्ड भी दिखाया, जिसमें महिला का नाम और पति के नाम में ‘अर्जुन मल्लिक’ दर्ज था। अर्जुन ने बताया कि उसने ललिता देवी से 30 साल पहले विवाह किया था और उनके पांच संतानें हैं—दो बेटे और तीन बेटियां—जो सभी अब शादीशुदा हैं।

अर्जुन के अनुसार, उसकी पत्नी कई साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी।वहीं, टोटो में मौजूद दूसरा युवक भी महिला का पति होने का दावा करने लगा। उसने अपना नाम लोली कुशवाहा बताया और कहा कि वह मध्यप्रदेश का निवासी है। उसके पास भी एक आधार कार्ड था, जिसमें पति के नाम में ‘लोली कुशवाहा’ अंकित था।

मामला तब और उलझ गया जब दोनों आधार कार्डों में महिला के पति के नाम अलग-अलग थे—एक में अर्जुन मल्लिक और दूसरे में लोली कुशवाहा। इसे देखकर वहां मौजूद लोग अचंभित रह गए और दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।आखिरकार, सूचना मिलने पर 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले को शांत करवाया। पुलिस ने पूछताछ के बाद महिला को उसके पहले पति अर्जुन मल्लिक के साथ भेज दिया।

समस्तीपुर से सौरभ चौधरी की रिपोर्ट

Spread the love

By