जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार की देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सरदारगंज चौक – विद्यापतिनगर मार्ग स्थित आनंद स्टोर में लूटपाट के दौरान बदमाशों ने दो व्यवसायी भाइयों को गोली मार दी। गोली चलाने के बाद भाग रहे दो बदमाशों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। तीसरा बदमाश मौके से फरार हो गया।घटना शाम करीब 7:30 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार तीन बदमाशों में से दो दुकान के भीतर घुसे और हथियार के बल पर लूटपाट करने लगे।
इस दौरान उन्होंने दुकान में मौजूद ग्राहकों से भी मारपीट की। जब दुकान के मालिक अभिषेक आनंद और उनके छोटे भाई अनुराग आनंद ने विरोध किया, तो बदमाशों ने उन दोनों पर गोली चला दी।अभिषेक आनंद को सीने के नीचे और अनुराग आनंद को दाहिनी जांघ में गोली लगी है। दोनों को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेगूसराय के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
लूट के बाद जब बदमाश भागने लगे तो स्थानीय लोगों और दुकान के स्टाफ ने बहादुरी दिखाते हुए दो बदमाशों को पकड़ लिया। इसके बाद सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और दोनों बदमाशों की बेरहमी से पिटाई की, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। तीसरा बदमाश मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही हैं।
सूचना मिलने पर समस्तीपुर के एसपी अशोक कुमार मिश्रा घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा गोली और कुछ कारतूस के खोखे भी बरामद किए हैं। फिलहाल मारे गए बदमाशों की पहचान नहीं हो सकी है।एसपी अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि गोली चलाने के पीछे बदमाशों का मकसद फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है और पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि मॉब लिंचिंग की इस घटना की भी जांच की जा रही है।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि स्थानीय लोग इस दुस्साहसिक लूटपाट और गोलीबारी से गुस्से में हैं। पुलिस ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।
समस्तीपुर से सौरभ चौधरी की रिपोर्ट
