Preloader

मुंगेर वासियों को नए मॉडल अस्पताल का पूरा लाभ मिलने में अभी और इंतजार करना पड़ेगा। करीब 32.17 करोड़ की लागत से बने 100 बेड के इस मॉडल अस्पताल को पूरी तरह शुरू होने में अभी एक महीना का समय लग सकता है। हालांकि, अस्पताल परिसर में मंगलवार 22 अप्रैल से इमरजेंसी वार्ड का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को अस्पताल प्रबंधन, निर्माण एजेंसी और डॉक्टरों की टीम के साथ मॉडल अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरे भवन का जायजा लिया और कहा कि कई जरूरी कार्य अब भी अधूरे हैं। सिविल सर्जन ने स्पष्ट किया कि जब तक सभी कार्य पूरी तरह संपन्न नहीं हो जाते, तब तक अस्पताल को पूर्ण रूप से हैंडओवर नहीं लिया जाएगा।

निरीक्षण में सामने आई कई खामियां

सिविल सर्जन के निरीक्षण के दौरान भवन में कई खामियां पाई गईं। ग्राउंड फ्लोर पर स्थित ट्रायऐज एरिया, ग्रीन, येलो और रेड जोन, डॉक्टर-नर्स रूम, ओपीडी, कैफेटेरिया सहित दूसरे और तीसरे तल के प्रसव वार्ड, ट्रॉमा वार्ड, ब्लड बैंक, आईसीयू और ऑपरेशन थियेटर का निरीक्षण किया गया।इस दौरान दोनों लिफ्ट फंक्शनल नहीं मिलीं, कैफेटेरिया का काम अधूरा पाया गया, वहीं बाहर पोर्टिको के पास पानी का जमाव था और हाल ही में आई आंधी में साइनबोर्ड भी गिरा हुआ मिला।ओटी और आइसोलेशन वार्ड में कही भी पॉजिटिव एयर प्रेशर नहीं मिला। मरीजों के इलाज के दौरान सफाई के लिए पानी की व्यवस्था भी ट्रायऐज एरिया, ग्रीन, येलो और रेड जोन में पर्याप्त नहीं पाई गई।

कमियां दूर होने के बाद ही हैंडओवर

सिविल सर्जन ने कहा कि जो भी खामियां पाई गई हैं, उन्हें निर्माण एजेंसी को अवगत करा दिया गया है और इसकी सूचना मुख्यालय को भी भेजी जाएगी। सभी आवश्यक सुधार कार्यों के बाद ही मॉडल अस्पताल को हैंडओवर लिया जाएगा।

22 अप्रैल से इमरजेंसी सेवा शुरू

सिविल सर्जन डॉ. विनोद कुमार सिन्हा ने बताया कि ग्राउंड फ्लोर पर तैयार व्यवस्था के तहत 22 अप्रैल, मंगलवार से इमरजेंसी वार्ड का संचालन मॉडल अस्पताल भवन में शुरू कर दिया जाएगा। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।इस मॉडल अस्पताल का उद्घाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 5 फरवरी को किया था। लेकिन तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक यह पूरी तरह शुरू नहीं हो सका है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि एक महीने में सभी कार्य पूरे कर भवन को पूरी तरह चालू कर दिया जाएगा।

{मुंगेर से इम्तियाज़ की रिपोर्ट}

Spread the love

By