मुंगेर: जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बड़ा राजनीतिक हमला बोला है। मुंगेर के किला परिसर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार का चुनाव राज्य के बच्चों की शिक्षा और रोजगार से जुड़ा मुद्दा है, न कि आतंकवाद से। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार में आकर लोगों को असली मुद्दों से भटका रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने हाल ही में मधुबनी में आयोजित भाजपा की रैली को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “हम आतंकी हमलों की कड़ी निंदा करते हैं, और जो भी इसके पीछे हैं, उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए, चाहे वो पाकिस्तान में बैठे हों या कहीं और। लेकिन बिहार में आकर प्रधानमंत्री का आतंकवाद पर बोलना, जबकि यह केंद्र का विषय है, बिहार के चुनाव को मुद्दों से भटकाने की कोशिश की है।
उन्होंने सवाल उठाया कि अगर प्रधानमंत्री को आतंकी हमले की निंदा करनी थी, तो वह यह बात दिल्ली से भी कह सकते थे। बिहार में आकर पहलगाम हमले का जिक्र करना और यह कहना कि “हम आतंकियों को नहीं छोड़ेंगे”, केवल बिहार की जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास है।
प्रशांत किशोर ने स्पष्ट रूप से कहा, “बिहार का चुनाव शिक्षा, रोजगार और राज्य के विकास जैसे मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए। आतंकवाद और आतंकी हमला अलग विषय हैं, जो केंद्र सरकार के अधीन आते हैं। चुनाव में पाकिस्तान और चीन जैसे विषयों को घसीट कर भाजपा जनता को भ्रमित कर रही है।”उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसे भटकाव से सतर्क रहें और चुनाव में उन मुद्दों पर बात करें जो सीधे उनके जीवन से जुड़े हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि जन सुराज की सोच साफ है – “जनता के मुद्दे, जनता की बात।
{मुंगेर से इम्तियाज़ की रिपोर्ट}
