समस्तीपुर जिले के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रजौर रामभद्रपुर पंचायत के परवना गांव के समीप रविवार सुबह सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान डुमरा मोहन पंचायत के दुबेपुर गांव वार्ड नंबर 10 निवासी 35 वर्षीय ई-रिक्शा चालक शशिकांत मंडल के रूप में हुई है। शव मिलने की सूचना पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो छोटे बच्चों का पिता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। पत्नी रूबी ने कहा, “अब पूरा परिवार अनाथ हो गया है।”उनके पति का गांव के ही पड़ोसी से एक कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। कई बार जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।
शनिवार की रात करीब 10 बजे पड़ोसी संदीप कुमार ने फोन कर शशिकांत को घर से बुलाया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटे। पूरी रात खोजबीन के बाद रविवार सुबह 8 बजे उनका शव घर से करीब 1 किलोमीटर दूर सड़क किनारे मिला।शव के पास एक जहर का डिब्बा भी बरामद हुआ है, लेकिन स्थानीय निवासी नीतीश कुमार ने बताया कि अलग हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंका गया है। उनका कहना है कि शव की हालत देख कर लगता है कि पहले करंट लगाकर हत्या की गई और बाद में जहर का डिब्बा रख कर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है ।
घटना की सूचना मिलने के चार घंटे बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश देखा गया। स्थानीयों का कहना है कि 8 बजे सुबह सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस दोपहर तक पहुंची। मौके पर पहुंची शिवाजी नगर थाना की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।थाना प्रभारी छोटेलाल सिंह ने बताया कि शव की पहचान हो चुकी है और परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। घटनास्थल से जहर की बोतल बरामद हुई है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
{समस्तीपुर से सौरभ चौधरी की रिपोर्ट}
