पटना के पुराने म्यूजियम में गुरुवार को जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरा परिसर हिल गया। धमाका इतना तेज था कि म्यूजियम की दीवारों में दरारें आ गईं और कई शीशे टूट गए। गरिमत रही की किसी को कुछ नहीं हुआ।हादसा म्यूजियम में रखे एक फायर सेफ्टी सिलेंडर के फटने से हुआ।
बताया जा रहा है कि सिलेंडर काफी पुराना था और समय पर इसका रखरखाव नहीं किया गया था। घटना के बाद म्यूजियम में अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत फटे हुए सिलेंडर को बाहर निकाला, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई।
पुराना सिलेंडर, लापरवाही बनी हादसे की वजह
पटना म्यूजियम करीब 100 साल पुराना है और यहां सुरक्षा के लिए कई फायर सेफ्टी सिलेंडर रखे गए हैं। लेकिन इनमें से कई पुराने हो चुके थे और समय पर बदले नहीं गए थे। बताया जा रहा है कि जिस सिलेंडर में धमाका हुआ, वह लंबे समय से बिना किसी इस्तेमाल के धूप में रखा था। ज्यादा गर्मी के कारण उसमें विस्फोट हो गया, जिससे आसपास की दीवारें और दरवाजे भी क्षतिग्रस्त हो गए।
धमाके के बाद म्यूजियम में धुआं और हल्की आग
धमाके के तुरंत बाद पूरे कैंपस में धुआं फैल गया और म्यूजियम में हल्की आग भी लग गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत हालात संभाले और आग को बढ़ने से रोक लिया। विभाग ने बताया कि फिलहाल कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर म्यूजियम में रखे 10 से 12 फायर सिलेंडरों को खाली कराया गया है, ताकि आगे कोई और हादसा ना हो।
